Rajasthan

जेडीए दस्ते ने 52 बीघा भूमि पर बसाई जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त

जयपुर, 27 मई । जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा लगातार अवैध कॉलोनियों एवं अतिक्रमणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को जेडीए के प्रवर्तन दस्ते द्वारा 52 बीघा जमीन पर बसाई जा रही 3 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा दो स्थानों पर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।

उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-08 में स्थित डिग्गी रोड मुहाना मोड़ पर रोड सीमा में बनाए गए चबूतरे, बाउण्ड्रीवाल, टीनशेडनुमा कोठरी सहित अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। जोन-07 में स्थित बजरी मण्डी रोड कनकपुरा में गैर मुमकिन आम रास्ते पर सीमेन्ट ब्लॉक की बाउण्ड्रीवाल, चबूतरा, टीनशेड, तिरपाल एवं तारबंदी कर रास्ता अवरुद्ध कर रखा था, इससे स्थानीय लोगों एवं आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत पर जेडीए ने अतिक्रमण हटाकर रास्ता खुलवाया। शर्मा ने बताया कि जोन-12 में स्थित ग्राम मण्डा भोपावास कालवाड़ रोड में करीब 35 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर ,इसी प्रकार ग्राम मण्डा भोपावास, कालवाड़ रोड में ही करीब 11 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर ”हनुमान नगर” नाम से और जोन-12 में स्थित ग्राम पिण्डोलोई में करीब 6 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर अवैध कॉलोनी बसाने के लिए मिट्टी-ग्रेवल की सड़कें एवं अन्य अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।