धर्मशाला में आईपीएल का ‘महंगा रोमांच’, 45 हजार तक बिके टिकट, आम दर्शक रह गए बाहर
धर्मशाला, 17 मई । आईपीएल मैचों के इस सीजन में जितना बड़ा मैच, उतनी ही बड़ी जेब दर्शकों को ढीली करनी पड़ रही है। धर्मशाला में आईपीएल मैचों के टिकटों की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी का असर अब साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। रविवार को पंजाब किंग्स और आरसीबी के मुकाबले में एक ओर जहां कई दर्शक महंगे टिकटों व टिकट न मिलने के कारण स्टेडियम पहुंचने में नाकाम रहे। वहीं दूसरी ओर मैच की एक पारी समाप्त होने के बाद भी 45 हजार रुपये तक के टिकट ऑनलाइन बिकते रहे। क्लब लॉज का जो टिकट 22 हजार 500 रुपये तक रहता है, इस मैच में दोगुना से अधिक 45 हजार दामों में बेचा गया। क्रिकेट प्रेमियों ने इसे आम दर्शकों की पहुंच से बाहर बताया।
इस बार एचपीसीए स्टेडियम में टिकटों के दामों में पिछले सीजन की तुलना में दोगुनी से अधिक बढ़ोतरी की गई है। पिछले वर्ष जिन टिकटों की कीमत 1200 से 1500 रुपये थी, वही टिकट अब चार से पांच हजार रुपये तक पहुंच गई हैं। वहीं क्लब लॉज के टिकट 22 हजार 500 रुपये से बढ़ाकर सीधे 45 हजार रुपये कर दिए गए हैं। जबकि अन्य टिकटें पांच हजार, सात हजार, आठ हजार, नौ हजार, 12 हजार, 15 हजार, 22 हजार, 30 हजार व सभी दोगुने दामों में बेची गई।
क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि इतनी महंगी टिकटों के कारण परिवार के साथ मैच देखना मुश्किल हो गया है। कई लोगों ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू होते ही दाम देखकर टिकट लेने का विचार छोड़ दिया। वहीं कई लोग टिकट को लेकर काफी मेहनत करते दिखे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल पाए।
हैरानी की बात यह रही कि मैच शुरू होने और एक पारी समाप्त होने के बाद भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 45 हजार रुपये तक के टिकट उपलब्ध और बिकते रहे। इससे साफ है कि आयोजकों ने अंतिम समय तक भी प्रीमियम टिकटों की बिक्री जारी रखी।
उधर, स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि इस बार ऑफलाइन टिकट काउंटर नहीं लगाए गए। केवल ऑनलाइन माध्यम से ही टिकटें बेची जा रही हैं, और एक व्यक्ति को अधिकतम तीन टिकट बुक करने की अनुमति दी गई है। लोगों का कहना है कि ऑफलाइन व्यवस्था न होने से ग्रामीण और स्थानीय दर्शकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

