Himachal Pradesh

मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना भाजपा नेता की आदत : अनुराग शर्मा

धर्मशाला, 03 मई । राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने धर्मशाला से भाजपा विधायक का नाम लिए बिना कहा कि एक भाजपा नेता का आचरण ऐसा है कि सुबह उठते ही मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का कार्य शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि एक राज्य के मुख्यमंत्री को ये कहना कि आपका कद छोटा है, इस तरह के बयानों का देवभूमि में कोई स्थान नहीं है।

रविवार को धर्मशाला में राज्यसभा सांसद ने कहा कि उन्होंने नामांकन के दौरान अपनी संपति का सही ब्यौरा दिया था। सांसद ने कहा कि भाजपा नेता को भी अपने आय के साधन सार्वजनिक करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में बन रहे फोरलेन पर फोकस किया जा रहा है, लेकिन बरसात व आपदा से खस्ताहाल सड़कों की दशा को सुधारने की ओर किसी का ध्यान नहीं है। इन मुद्दों को केंद्रीय रेल मंत्री सहित एनएचएआई के अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। अनुराग ने कहा कि जोगेंद्रनगर-पठानकोट रेलवे लाईन को सुचारू चलाने व ब्राडगेज करने सहित अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के निर्माण को लेकर भी मुख्यमंत्री से बात की गई है, जिसे लेकर जल्द काम किया जाएगा। फोरलेन के कार्यों में भी देरी की जा रही है, जिससे पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है। धर्मशाला से मैक्लोडगंज जाने वाले मार्गों की हालत भी संतोषजनक नहीं है। सभी मामले हमारे ध्यान में हैं, जिनके समाधान के प्रयास किए जाएंगे। राज्यसभा सांसद ने कहा कि गगल एयरपोर्ट के विस्तार कर राज्य व कांगड़ा के पर्यटन व आर्थिकी को नई दिशा प्रदान कर रहा है।