लापता युवक का जला हुआ शव नाड़े में मिला, गुर्जर समाज में रोष
अजमेर, 11 मई। अजमेर जिले के किशनगढ़ उपखण्ड के कल्याणीपुरा गांव स्थित नाड़े के पास सात दिनों से लापता गुदली गांव निवासी प्रदीप बजाड़ का जला हुआ शव मिलने पर ग्रामीणों ने भारी बबाल खड़ा कर दिया। जिला पुलिस प्रशासन पर अपराधियों को खोज कर लाने की मांग को लेकर मामले में भारी सियासत हुई। मृतक के शव का तब तक पोस्टमार्टम नहीं करने दिया गया जब तक अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज नहीं कर दी। आखिर पांच दिन में अपराधियों का खुलासा करने सहित विभिन्न पांच सूत्रीय मांगों पर एसडीएम और जिला पुलिस प्रशासन के साथ समझाइश होने पर शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिवार जनों को सौंपा गया। युवक का शव लापता प्रदीप बजाड़ का ही होने को लेकर उसका डीएनए जांच भी किया गया। पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ भी की है किन्तु अभी खुलासा नहीं किया गया है।
घटना को लेकर पूर्व विधायक सुरेश टांक, कांग्रेस विधायक विकास चौधरी, सरपंच संघ अध्यक्ष हरिराम बाना, पार्षद किशन गुर्जर सहित समाज के सैकड़ों लोग बीती रात से धरना देकर बैठ गए। दोपहर बाद पार्षद किशनगुर्जर ने एसडीएम को पांच सूत्री मांग पत्र पर प्रशासन से चर्चा हुई।
उप अधीक्षक अजेय सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रदीप बजाड़ तीन मई को घर से किसी काम से निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। राठौड़ ने बताया कि समाज के प्रतिनिधि मंडल द्वारा सौंपे गए पांच सूत्रीय मांग पत्र पर सहमति बन गई है। प्रथम दृष्टया जला हुआ शव प्रदीप बजाड़ का ही प्रतीत हो रहा है।
राठौड़ ने बताया पुलिस अलग-अलग पहलुओं को आधार बनाकर संदिग्धों से कड़ी पूछताछ कर रही है उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठाया जाएगा।

