MP

नवीन बस स्टैंड से यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, जिले के विकास को मिलेगी गति : डॉ. नरोत्तम मिश्रा

दतिया, 30 मई । मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को दतिया में नवनिर्मित बस स्टैंड भवन का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नवीन बस स्टैंड के संचालन से दतिया सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यह जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि लंबे समय से आधुनिक बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए भवन के शुरू होने से यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था मिलेगी तथा शहर के यातायात प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना जिले की आधारभूत संरचना को सशक्त बनाने के साथ विकास की नई संभावनाओं को भी बढ़ावा देगी।

बस स्टैंड के शुभारंभ के बाद डॉ. मिश्रा बसई पहुंचे, जहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है