Entertainment

मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’ का दमदार ट्रेलर रिलीज

विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘गवर्नर’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म भारत के आर्थिक इतिहास के उस दौर को बड़े पर्दे पर लाने जा रही है, जब 1990 में देश आर्थिक संकट और दिवालियापन की कगार पर पहुंच गया था। मराठी सिनेमा के चर्चित निर्देशक चिन्मय मांडलेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर रिलीज के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

करीब ढाई मिनट का यह ट्रेलर देश के सबसे कठिन आर्थिक दौर की झलक दिखाता है। गिरती अर्थव्यवस्था, जनता का गुस्सा और सरकार के सामने खड़ी बड़ी चुनौतियों को प्रभावशाली अंदाज में पेश किया गया है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि किस तरह एक ऐतिहासिक फैसले ने भारत को आर्थिक तबाही से बचाया। मनोज बाजपेयी एक सख्त और प्रभावशाली ‘गवर्नर’ के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि अदा शर्मा भी अहम भूमिका निभाती दिखाई देती हैं। फिल्म के संवाद और बैकग्राउंड स्कोर ट्रेलर को और दमदार बनाते हैं।

‘गवर्नर’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म है, जिसे ‘सनशाइन पिक्चर्स’ के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। वहीं, जावेद अख्तर के गीतों को अमित त्रिवेदी ने संगीत दिया है। मेकर्स ने युवाओं के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की, ताकि नई पीढ़ी देश के इस अहम आर्थिक इतिहास से रूबरू हो सके। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।