Rajasthan

राजस्थान पुलिस का ‘संडेज ऑन साइकिल’ महाअभियान में 18 हजार से अधिक लोग जुड़े

जयपुर, 24 मई । राष्ट्रमंडल दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस के नेतृत्व में रविवार को प्रदेशभर में ‘संडेज ऑन साइकिल’ महाअभियान का भव्य आयोजन किया गया। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित इस अभियान में पुलिस अधिकारियों, जवानों और आमजन सहित 18 हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाते हुए “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश पहुंचाना रहा। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत राष्ट्रमंडल दिवस पर किया गया।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस 75 वें संस्करण में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंघ के नेतृत्व में राज्य भर में कार्यक्रम संपन्न हुए। उप महानिरीक्षक विनित कुमार बंसल को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया था।

राज्य के सभी जिला मुख्यालयों, आरएसी बटालियनों और पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में सुबह 6 बजे योग, ध्यान, जुम्बा, रनिंग, रोप स्किपिंग और साइकिलिंग रैलियों का आयोजन किया गया। अभियान में स्थानीय साइकिलिंग क्लब, स्वयंसेवी संस्थाएं, फिटनेस समूह और सीएलजी सदस्य भी शामिल हुए।

राजस्थान पुलिस ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस बल को मानसिक तनाव से राहत देने के साथ आमजन में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। अभियान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए गए।