Sports

अर्शदीप सिंह के चोटिल होने की खबर को पंजाब किंग्स ने बताया अफवाह, कहा- वह पूरी तरह से फिट

नई दिल्ली, 18 मई । पंजाब किंग्स ने अपने प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की फिटनेस को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि वह पूरी तरह फिट हैं और लगातार टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं।

फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान में कहा, “कुछ रिपोर्टों के विपरीत हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमारे प्रमुख तेज गेंदबाज और टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह पूरी तरह फिट हैं। वह नियमित रूप से टीम के साथ प्रशिक्षण कर रहे हैं। टीम प्रबंधन उनकी प्रगति से बेहद संतुष्ट है और वह टूर्नामेंट के अहम मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” पंजाब किंग्स ने आगे कहा कि नेट्स में अर्शदीप की ऊर्जा, लय और प्रतिबद्धता काफी उत्साहजनक रही है और टीम को भरोसा है कि वह आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद में घिरे अर्शदीप

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब अर्शदीप सिंह ने पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस मैच से पहले मुंबई बल्लेबाज तिलक वर्मा के साथ एक स्नैपचैट स्टोरी साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने तिलक को “अंधेरा” कहा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें नस्लभेदी टिप्पणी करने के आरोपों का सामना करना पड़ा। इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर भारी आलोचना शुरू हो गई, जिसके चलते पंजाब किंग्स को सार्वजनिक रूप से सफाई देनी पड़ी।

एंड्रयू लीपस ने किया अर्शदीप का बचाव

पंजाब किंग्स के हेड ऑफ स्पोर्ट्स साइंस एंड्रयू लीपस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्शदीप का बचाव करते हुए कहा कि खिलाड़ी का व्यवहार ड्रेसिंग रूम में सामान्य बना हुआ है। उन्होंने कहा, “मैं सोशल मीडिया ज्यादा फॉलो नहीं करता, लेकिन कुछ चर्चाएं जरूर चल रही हैं। जहां तक अर्शदीप के व्यवहार की बात है, वह पूरी तरह सामान्य हैं। वह शांत रहते हैं और हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं।”

लीपस ने यह भी संकेत दिए कि अर्शदीप इस सत्र के दौरान कुछ शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे थे, जिसकी वजह से उनके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ हफ्तों में वह शारीरिक रूप से काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं। उनका रवैया और व्यवहार हमेशा की तरह सकारात्मक है। वह ड्रेसिंग रूम में काफी ऊर्जावान खिलाड़ी हैं।” हालांकि, लीपस ने किसी विशेष चोट का खुलासा नहीं किया।

पंजाब किंग्स की प्लेऑफ राह मुश्किल

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन भी लगातार निराशाजनक रहा है। शानदार शुरुआत के बाद टीम लगातार पांच मैच हार चुकी है, जिससे उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। दो मुकाबले शेष रहते पंजाब किंग्स के खाते में 13 अंक हैं और अब टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे। पंजाब का अगला मुकाबला धर्मशाला में मौजूदा अंक तालिका की शीर्ष टीम और डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ है। हालांकि, पंजाब किंग्स धर्मशाला में अपने पिछले दोनों मुकाबले हार चुकी है, जिससे टीम पर दबाव और बढ़ गया है।