आईपीएल 2026 : ऑरेंज कैप पर सूर्यवंशी का कब्जा, गेंदबाजों में रबाडा सबसे आगे
नई दिल्ली, 30 मई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दूसरे क्वालिफायर में भले ही राजस्थान रॉयल्स का सफर समाप्त हो गया, लेकिन 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पूरे टूर्नामेंट में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से ऑरेंज कैप की दौड़ में बड़ा अंतर बना लिया। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा पर्पल कैप की रेस में शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
ऑरेंज कैप की दौड़ में सूर्यवंशी सबसे आगे
गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों में 96 रनों की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन इस पारी के साथ उन्होंने सीजन का समापन 776 रन के साथ किया। पूरे टूर्नामेंट में उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए असाधारण माना जा रहा है।
सूर्यवंशी ने इस सीजन कई रिकॉर्ड तोड़े और लगातार बड़े स्कोर बनाकर खुद को आईपीएल का सबसे बड़ा युवा सितारा साबित किया।
शुभमन गिल और साई सुदर्शन के पास अभी मौका
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने क्वालिफायर-2 में 53 गेंदों पर 104 रनों की कप्तानी पारी खेली। इस शतक के साथ उनके सीजन में कुल रन 722 हो गए हैं। वह सूर्यवंशी से 54 रन पीछे हैं, लेकिन उनके पास फाइनल मुकाबला खेलने का अवसर है।
वहीं सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए और अपने कुल रन 710 तक पहुंचा दिए। सुदर्शन भी फाइनल में बड़ी पारी खेलकर ऑरेंज कैप की दौड़ को रोचक बना सकते हैं।
हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली 600 रन के साथ पीछे हैं और उनके लिए ऑरेंज कैप जीतना अब बेहद कठिन नजर आ रहा है।
ऑरेंज कैप सूची
1. वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) – 776 रन
2. शुभमन गिल (गुजरात टाइटंस) – 722 रन*
3. साई सुदर्शन (गुजरात टाइटंस) – 710 रन*
(*फाइनल खेलना बाकी)
पर्पल कैप पर रबाडा का कब्जा
पूरे सीजन पर्पल कैप पर काबिज रहे भुवनेश्वर कुमार को आखिरकार कागिसो रबाडा ने पीछे छोड़ दिया है। क्वालिफायर-2 में रबाडा ने ध्रुव जुरेल और वैभव सूर्यवंशी के महत्वपूर्ण विकेट लेकर अपनी कुल विकेट संख्या 28 तक पहुंचा दी।
अब वह भुवनेश्वर कुमार (26 विकेट) से दो विकेट आगे हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों गेंदबाज फाइनल में आमने-सामने होंगे।
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जॉफ्रा आर्चर ने सीजन का समापन 25 विकेटों के साथ तीसरे स्थान पर किया। उन्होंने लगातार दो मैचों में तीन-तीन विकेट लिए थे, लेकिन क्वालिफायर-2 में सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके।
वहीं गुजरात के जेसन होल्डर ने सूर्यवंशी के आक्रामक तेवरों के बीच भी शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट झटके।
पर्पल कैप सूची
1. कागिसो रबाडा (गुजरात टाइटंस) – 28 विकेट
2. भुवनेश्वर कुमार (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) – 26 विकेट
3. जॉफ्रा आर्चर (राजस्थान रॉयल्स) – 25 विकेट
अब रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में जहां गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु खिताब के लिए भिड़ेंगे, वहीं ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की दौड़ पर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

