Sports

फीफा विश्व कप 2026 के लिए नॉर्वे की टीम घोषित, एर्लिंग हालांड और मार्टिन ओडेगार्ड शामिल

नई दिल्ली, 22 मई । फीफा विश्व कप 2026 के लिए नॉर्वे ने गुरुवार को अपनी 26 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान प्रीमियर लीग चैंपियन क्लब आर्सेनल के स्टार मिडफील्डर मार्टिन ओडेगार्ड संभालेंगे, जबकि मैनचेस्टर सिटी के धाकड़ स्ट्राइकर एर्लिंग हालांड भी टीम का हिस्सा हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा युवा गोलकीपर सैंडर टैंगविक के चयन को लेकर रही। हैम्बर्ग एसवी के इस अनकैप्ड गोलकीपर को नॉर्वे की टीम में अंतिम स्थान मिला। 23 वर्षीय टैंगविक पहली बार राष्ट्रीय टीम में चुने गए हैं।

गोलकीपर चयन को लेकर काफी समय से अटकलें चल रही थीं। एसके ब्रान के गोलकीपर माथियास डिंगलैंड चोटिल हो गए थे, जबकि फीफा ने बोदो/ग्लिम्ट के गोलकीपर निकिता हाइकिन की राष्ट्रीयता बदलने की मांग खारिज कर दी थी। इसके बाद टैंगविक को टीम में जगह मिली।

नॉर्वे को विश्व कप 2026 में ग्रुप-I में रखा गया है। इस ग्रुप में फ्रांस, सेनेगल और इराक जैसी मजबूत टीमें भी शामिल हैं। इसे टूर्नामेंट का “ग्रुप ऑफ डेथ” माना जा रहा है।

नॉर्वे की विश्व कप 2026 टीम

गोलकीपर:

ओरजान हास्कजोल्ड नाइलैंड, एगिल सेल्विक, सैंडर टैंगविक

डिफेंडर:

जूलियन रायर्सन, मार्कस होल्मग्रेन पेडरसन, डेविड मोलर वोल्फ, फ्रेडरिक ब्योर्कान, क्रिस्टोफर आजेर, टॉरब्योर्न हेग्गेम, लियो स्कीरी ओस्टिगार्ड, सॉन्ड्रे लांगास, हेनरिक फाल्चेनर

मिडफील्डर:

मार्टिन ओडेगार्ड, सैंडर बर्गे, फ्रेडरिक ऑर्सनेस, पैट्रिक बर्ग, क्रिस्टियन थोर्स्टवेड्ट, मॉर्टन थोर्सबी, थेलो आसगार्ड

फॉरवर्ड:

एर्लिंग हालांड, अलेक्जेंडर सोरलोथ, यॉर्गेन स्ट्रैंड लार्सन, एंटोनियो नूसा, ऑस्कर बॉब, आंद्रेयास शेल्डेरुप, जेन्स पेटर हाउगे।