उमरिया : जनसुनवाई बनी लोगों के भरोसे का केंद्र, सुविधाओं और त्वरित निराकरण से बढ़ रही भीड़
उमरिया, 19 मई । मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में कलेक्टर राखी सहाय के पदभार संभालने के बाद जनसुनवाई व्यवस्था में लगातार नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं। प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के कारण अब हर सप्ताह जनसुनवाई में लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आम नागरिकों के लिए बैठने, पेयजल और पंखों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर और दवा व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने इस सप्ताह से एक कंप्यूटर ऑपरेटर को भी तैनात किया है, जिससे जरूरतमंद लोग अपने आवेदन नि:शुल्क टाइप करवा सकें।
जनसुनवाई कक्ष में जिले के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। कलेक्टर राखी सहाय स्वयं आवेदकों की समस्याएं सुनती हैं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश देती हैं। कई मामलों में तत्काल समाधान भी किया जा रहा है।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बीपीएल कार्ड में नाम नहीं जुड़ने की शिकायत पर कलेक्टर ने सहायक खाद्य अधिकारी जागृति प्रजापति को आवश्यक निर्देश दिए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से वंचित नहीं रखने की बात कही।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना के बावजूद पानी नहीं पहुंचने की शिकायत पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा और गर्मी को देखते हुए शीघ्र पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर राखी सहाय ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि अधिकतर शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया जाए, जबकि जटिल मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
जनसुनवाई में पहुंच रहे लोगों का कहना है कि अब उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और समाधान की उम्मीद बढ़ी है। जिले में प्रशासन की इस कार्यप्रणाली की चर्चा भी लगातार बढ़ रही है।

