UP

जिलाधिकारी ने चलाया स्वच्छता अभियान, फावड़ा लेकर काटी झाड़ियां

फिरोजाबाद, 09 मई । नवागत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयं जिलाधिकारी फावड़ा लेकर मैदान में उतरे और झाड़ियों को काटा। यह देख अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी साफ-सफाई करते नजर आए।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में शनिवार सुबह कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान शुरू हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया और पूरे परिसर में साफ-सफाई का जायजा लिया। अभियान के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर, कार्यालय कक्ष, रिकॉर्ड रूम, गलियारे और छत तक की सफाई कराई गई। डीएम खुद विकास भवन और कलेक्ट्रेट की छतों पर पहुंचे और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी संतोष कुमार ने साफ संदेश दिया कि अगर हम अपने आसपास और कार्यस्थल को स्वच्छ रखेंगे तो हमारी कार्यशैली भी बेहतर और पारदर्शी बनेगी। अधिकारी खुद सफाई करेंगे तो गंदगी करने से पहले वह जरूर सोचेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी दफ्तरों को साफ, सुंदर और व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब यह अभियान सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि हर 15 दिन में नियमित रूप से चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण के साथ बेहतर न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी के इस अलग अंदाज़ और खुद मैदान में उतरकर सफाई करने की तस्वीरें अब पूरे जिले में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।————–