Himachal Pradesh

10,500 फीट ऊंचे पटालसू पीक पर डीएवी मंडी के जांबाज छात्रों ने फहराया परचम

मंडी, 17 जून । डीएवी सीपीएस मंडी के 42 विद्यार्थियों का एक दल अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोर्ट्स’ के सौजन्य से आयोजित साहसिक शिविर को सफलतापूर्वक पूरा करके लौट आया है। इस रोमांचक शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने प्रकृति के करीब रहकर नदी पार करने रिवर क्रॉसिंग, चट्टानों पर चढ़ने (रॉक क्लाइम्बिंग), रस्सियों के सहारे नीचे उतरने (रैपलिंग) सहित जंगल क्राफ्ट और वाइल्डरनेस से जुड़े विभिन्न कठिन व जीवनोपयोगी कौशल सीखे। अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि विद्यार्थियों ने लगभग 10,500 फीट की चुनौतीपूर्ण ऊंचाई पर स्थित पटालसू पीक’ का सफल आरोहण कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके अदम्य साहस, कड़े अनुशासन व उत्कृष्ट टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान से परे आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग तथा विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। पूरे अभियान के दौरान विद्यालय के शारीरिक शिक्षा अध्यापक सुशील सेन तथा योग अध्यापिका सुमन भी बच्चों के साथ मुस्तैद रहे और उनका कुशल मार्गदर्शन किया। यह साहसिक शिविर विद्यार्थियों के लिए एक बेहद यादगार एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा, जिसने उन्हें नई चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का बेहतरीन अवसर प्रदान किया।