वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न
जयपुर, 28 जून । राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा रविवार को आयोजित वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 जयपुर जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। जिला एवं पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए समुचित प्रबंध किए गए।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर सतत निगरानी रखी गई तथा बोर्ड के दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराई गई। अभ्यर्थियों की सुगम प्रवेश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 59,103 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 41,699 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 17,404 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में 70.55 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, पुलिस प्रशासन, परीक्षा केन्द्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों तथा कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।

