सिरसा: लाखों की हेरोइन व अफीम सहित चार तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 16 जून । पुलिस ने जिले क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तस्करों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन, अफीम व ड्रग मनी बरामद की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी सुखजीत सिंह ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम मतूवाला-सैनपाल रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गांव मतूवाला की तरफ से कार आती दिखाई दी। कार चालक ने पुलिस को देखकर कार को वापस मोड़ लिया। शक होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर तलाशी ली तो कार से 65 ग्राम ग्राम हेरोइन तथा 38 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान सिरसा जिला निवासी अजय के रूप में हुई है।
इसके अलावा सीआईए पुलिस ने जिला के गांव बालासर क्षेत्र से कार में सवार तीन युवकों को 508 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सिरसा जिला निवासी प्रदीप कुमार, रघुवीर तथा बलवंत के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव बालासर क्षेत्र में मौजूद थी और वाहनों की जांच कर रही थी।
पुलिस ने एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार से 508 ग्राम अफीम बरामद हुई। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने रानियां क्षेत्र से एक युवक को 17 ग्राम 30 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी संदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिरसा जिले निवासी सूरज प्रकाश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज किया गया है।

