MP

विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर ग्रीन जबलपुर का संकल्प

जबलपुर, 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी के ‘‘एक पेड़ माॅं के नाम’’ के आव्हान का व्यापक असर ग्रीन जबलपुर का संकल्प, 1100 पौधों के रोपण के साथ 11 लाख के महाअभियान का शुभारंभ नगर निगम द्वारा डुमना नेचर पार्क में आयोजित पौधा रोपण कार्यक्रम में महापौर, विधायक, अध्यक्ष, एम.आई.सी. सदस्यों, पार्षदगणों, अधिकारियों कर्मचारियों के संघ किया।

शुक्रवार, विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅं. मोहन यादव के आव्हान पर संस्कारधानी जबलपुर को और अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा एक प्रेरणादायी पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के फेफड़े कहे जाने वाले सुरम्य डुमना नेचर पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, केन्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज के अलावा सभी एम.आई.सी. सदस्यों, पार्षदगणों, के साथ-साथ अधिकारियों कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं में प्रकृति संरक्षण को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।

इस पुनीत कार्य में शहर के महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ एवं कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर पौधा रोपण कर एक प्रेरणादाई संदेश दिया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान किया। इनके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने इस अभियान में हिस्सा लिया और पौधे रोपे। इस मौके पर अजाक्स के अध्यक्ष अमित मेहरा भी उपस्थित रहे।

महापौर अन्नू ने बताया कि शासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप नगर निगम ने इस पर्यावरण दिवस पर शहर को एक ग्रीन जबलपुर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक लक्ष्य निर्धारित किया है।

डुमना नेचर पार्क की जैव-विविधता को समृद्ध करने की दिशा में नगर निगम का यह प्रयास वाकई काबिले तारीफ है। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अमले और युवा छात्र-छात्राओं के इस अनूठे और पवित्र कार्य ने पूरे शहर को यह संदेश दिया है कि यदि हम सब मिलकर ठान लें, तो पर्यावरण संकट से बखूबी निपटा जा सकता है। संस्कारधानी के नागरिकों ने भी नगर निगम के इस 11 लाख पौधे लगाने के महा-संकल्प की सराहना करते हुए इसमें अपना पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।