Haryana

बैंक घोटाले में दो आईएएस अफसरों को गवाह बनाना चाहती है सरकार:अभय चौटाला

चंडीगढ़, 26 जून । इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने बैंक घोटाले के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरते हुए कहा है कि जब बैंक घोटाला सामने आया था तब मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार को कोई नुकसान नहीं हुआ। फिर सीबीआई जांच क्यों करवा रही है। अभय चौटाला ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार इस केस में एक-दो आईएएस अधिकारियों को सरकारी गवाह बना सकती है,क्योंकि अगर उनकी गिरफ्तारी हुई तो सरकार के कई राज खुल जाएंगे।

इनमें जो आईएएस अधिकारी फसे हैं वो सभी मुख्यमंत्री कार्यालय में काम कर चुके हैं। मुख्यमंत्री की नाक के नीचे घोटाला हो गया। मतलब साफ है कि सीएमओ भी इस घोटाले में शामिल था। घोटाला कभी नीचे से शुरू नहीं होता। घोटाला ऊपर से शुरू होता है।

अभय चौटाला ने कहा कि हिसार के गांव चानौत में जल विवाद सरकारी अनदेखी का परिणाम है। सरकार पहले से बिछाई जा रही पाइपलाइन से पानी नहीं देना चाहती। जबकि ग्रामीण वहां पानी लेना चाहते हैं। उस पाइप लाइन पर टी लगाई गई थी। बाद में वो हटा भी दी। सरकार ने लोगों को अदोंलन करने के लिए मजबूर किया,फिर उन पर लाठीचार्ज किया। सरकार चानौत गांव की मांगों को तुरंत मान ले नहीं तो आंदोलन सिर्फ चैनत गांव में नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में होगा और इनेलो का एक एक कार्यकर्ता इसमें शामिल होगा।

शहरों में गंदे पीने के पानी सप्लाई होने का मुद्दा उठाते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश के लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा है। कई जिलों में लोगों को कैमिकल युक्त पानी पीना पड़ रहा है। लोग कैंसर जैसी बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं। राजस्थान को पानी देने के मुद्दे पर अभय चौटाला ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार है। वहां 25 सांसद हैं। उन 25 लोगों को खुश करने के लिए हमारे हकों को मारा जा रहा है।