जिला पुलिस नूरपुर ने 65 लाख से अधिक मूल्य के जब्त मादक पदार्थ किए आग के हवाले
इस व्यापक कार्रवाई का उद्देश्य केवल प्रशासनिक तौर पर जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित निपटारा करना मात्र नहीं है, बल्कि इसके पीछे राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का एक अत्यंत गहरा सामाजिक संदेश छिपा है।
ड्रग माफिया को कड़ा संदेश
नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अंतरराज्यीय और स्थानीय ड्रग माफिया, पेडलर्स और असामाजिक तत्वों को यह स्पष्ट संदेश देना है कि हिमाचल प्रदेश में उनके काले साम्राज्य के खिलाफ एक निर्णायक युद्ध छिड़ चुका है, जहां उनके लिए कोई जगह नहीं है।
22 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों में की बैठकें
वहीं इसी अवसर पर जिला नूरपुर की 22 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों में पंचायत प्रतिनिधियों एवं शासकीय अधिकारियों की उपस्थिति में ‘नशा निवारण समितियों’ की बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य नशे के विरुद्ध राज्य सरकार की ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति को धरातल पर कड़ाई से लागू करने तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन की भावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा करना है। इसके साथ ही, पुलिस जिला के लगभग सभी सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और शासकीय कार्यालयों में नशे के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ने हेतु शपथ भी दिलाई गई।

