Himachal Pradesh

ऊना में लकड़ी तस्करों पर दूसरे दिन भी कार्रवाई, दो गाड़ियां जब्त

ऊना, 21 जून । वन विभाग ऊना की टीम ने मेहतपुर क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो पिकअप गाड़ियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई वन मंडल अधिकारी ऊना विकल्प यादव के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी ऊना अंकुश ठाकुर के नेतृत्व में की गई। दो दिनों के भीतर विभाग की ये दूसरी कार्रवाई है इससे पहले उपमंडल अंब में विभाग ने अवैध लकड़ी से लदी 10 गाड़ियों को पकड़ा था।

मिली जानकारी मुताबिक वन विभाग की टीम जिसमें ब्लॉक ऑफिसर प्रदीप सिंह, ब्लॉक ऑफिसर रोहित धीमान, वन रक्षक सुभाष चंद तथा वन कर्मी जोगिंदर सिंह ने मेहतपुर में जांच अभियान के दौरान दो संदिग्ध गाड़ियों को रोककर तलाशी ली। दोनों वाहन तिरपाल से ढके हुए थे। जब तिरपाल हटाकर जांच की गई तो इन वाहनों में प्रतिबंधित तथा कुछ खुली प्रजाति की लकड़ी लदी हुई पाई गई।

वन विभाग के अधिकारियों द्वारा लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा लेकिन दोनों वाहनों के चालक कोई भी आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद विभाग ने भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए घंडावल नर्सरी डिपो ले जाया गया है। इस संबंध में वन मंडल अधिकारी विकल्प यादव ने बताया कि वन विभाग वन संपदा की अवैध तस्करी को रोकने के लिए लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि वन कटुओं के साथ साथ अब परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।