तार चोर गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़, 5 गिरफ्तार, दो घायल
तार चोर गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़, 5 गिरफ्तार, दो घायल
बागपत, 07 जुलाई । उत्तर प्रदेश के बागपत में खेकड़ा थाना पुलिस ने क्षेत्र में तार चोरी कर आतंक मचाने वाले एक गिरोह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरोह के पास से भारी मात्रा में कटिंग हुआ तार, प्रयोग में लाने वाले उपकरण और गाड़ी बरामद की गई है। मंगलवार को हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल है। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि तीन से पूछताछ चल रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी खेकड़ा रोहन चौरसिया ने बताया कि 7 जुलाई को सूचना मिली कि एक गिरोह थाना खेकड़ा क्षेत्र में बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुबारिकपुर के जंगल में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नवीन उर्फ नीटू और हिमांशु तोमर घायल हो गए, जबकि तीन अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में फरमान (27) निवासी गाजियाबाद, कय्यूम (42), सारिक (21), नवीन उर्फ नीटू (40) निवासी मेरठ और हिमांशु तोमर (22) निवासी गाजियाबाद शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ईको गाड़ी, करीब चार क्विंटल चोरी का तार, तार काटने के उपकरण, दो अवैध तमंचे (.312 व .315 बोर), चार जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय का कहना है की तार चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस टीम लगाई गई थी। एक गिरोह पुलिस के हाथ लगा है जिससे पूछताछ जारी है। पता लगाया जा रहा है कि यह तार चोरी कर कहां – कहाँ बेचते थे और इन चोरियों में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

