Rajasthan

जयपुर में स्टिंग एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर बड़ी कार्रवाई: 32,292 बोतलें सीज, अनियमितताओं पर विभाग सख्त

जयपुर, 05 जुलाई । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत रविवार को जयपुर में बड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की केंद्रीय टीम ने निर्माण नगर स्थित स्टिंग एनर्जी के गोदाम पर छापा मारकर 32,292 बोतलें सीज कर दीं।

कार्रवाई के दौरान उत्पाद के लेबल पर भ्रामक दावे और गोदाम में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम ने मैसर्स अंजली इंटरप्राइजेज, पद्मावती कॉलोनी, निर्माण नगर स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान ‘स्टिंग एनर्जी’ नामक कैफिनेटेड बेवरेज का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया।

निरीक्षण में पाया गया कि उत्पाद के लेबल पर कई दावे अंकित थे। विभाग के अनुसार, ये दावे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं हैं और इन्हें भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना गया है। निरीक्षण के दौरान गोदाम में कई अनियमितताएं भी सामने आईं। इनमें खाद्य अनुज्ञा पत्र का मौके पर उपलब्ध नहीं होना, फर्श का जगह-जगह से टूटा होना, खाद्य सामग्री का पेलेट्स पर सुरक्षित तरीके से संग्रहित नहीं होना तथा खाद्य परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहनों के पास वैध अनुज्ञा पत्र नहीं होना शामिल है।

इन कमियों को लेकर संबंधित फर्म को अलग से इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। इसी अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम की खाद्य सुरक्षा टीम ने ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के पटेल नगर स्थित गोदाम से ‘गेटोरेड ऑरेंज’ और ‘रीलोड’ ब्रांड के नॉन-कार्बोनेटेड वॉटर बेस्ड बेवरेज के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं।

सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।