श्रद्धा हत्याकांड मामले की सुनवाई अब 21 जुलाई को
नई दिल्ली, 11 जुलाई । दिल्ली के साकेत कोर्ट ने बहुचर्चित श्रद्धा हत्याकांड मामले में आरोपित आफताब अमीन पूनावाला को राहत दी है। एडिशनल सेशंस जज हरगुरविंदर सिंह जग्गी ने आफताब की 20 जुलाई को इग्नू की होने वाली परीक्षा की वजह से 20 जुलाई की सुनवाई की तारीख रद्द करते हुए 21 जुलाई को सुनवाई करने का आदेश दिया है।
आफताब ने अर्जी दायर कर कहा था कि 20 जुलाई को उसकी एमए समाजशास्त्र की परीक्षा होनी है। ये परीक्षा जेल परिसर में ही बने सेंटर पर होनी है। आफताब की परीक्षा 11 से 20 जुलाई तक चलेगी। इसके पहले 29 मई को साकेत कोर्ट ने इस मामले की तेजी से सुनवाई के लिए 20 से 27 जुलाई तक रोजाना सुनवाई करने का आदेश दिया था। ये मामला अभी ट्रायल के चरण में है। दिल्ली पुलिस की ओर से गवाहों की गवाही करायी जा रही है।
साकेत कोर्ट ने 9 मई 2023 को मामले के आरोपित आफताब के खिलाफ हत्या करने का आरोप तय कर दिया था। कोर्ट ने आफताब पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (सबूतों को नष्ट करने) के तहत आरोप तय किये थे।
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया था कि श्रद्धा प्रैक्टो ऐप के जरिये चिकित्सकों से परामर्श भी ले रही थी। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में श्रद्धा की काउंसलिंग का वीडियो प्ले कर दिखाया था, जिसमें श्रद्धा कह रही है कि आफताब उसको खोज लेगा और मार देगा। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि श्रद्धा और आफताब का लिव इन रिलेशन हिंसक था। इतना ही नहीं श्रद्धा ने आरोप भी लगाया था कि आफताब उसको मारता और गाली देता था। श्रद्धा को मारकर टुकड़ों में काटने की भी धमकी देता था और उसे मारने की भी कोशिश की थी। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि जांच के दौरान पुलिस को श्रद्धा की हड्डी, जबड़ा और खून के निशान मिले थे। खून फ्रीज और कमरे की अलमारी में लगा हुआ मिला था।
सात फरवरी 2023 को साकेत कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। 24 जनवरी 2023 को दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट 6629 पेज की है। चार्जशीट में आफताब को एकमात्र आरोपित बनाया गया है। चार्जशीट में करीब सौ गवाहों के अलावा फोरेंसिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को आधार बनाया गया है। आफताब ने श्रद्धा की हत्या कर करीब 30 टुकड़े कर दिए थे। उसके शव के टुकड़ों को फ्रीज में रखा हुआ था। वो शव के अंगों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर फेंकता था। बाद में पुलिस ने आफताब की निशानदेही पर श्रद्धा के कई अंगों को बरामद किया।

