भोपाल में स्किन क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, 6 से 7 क्लीनिकों को नोटिस जारी
भोपाल, 16 जुलाई । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बाल उगाने और त्वचा संबंधी इलाज के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले करीब छह से सात स्किन क्लीनिकों को स्वास्थ्य विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा, कुछ एलोपैथिक डॉक्टरों द्वारा नियमों के खिलाफ जाकर आयुर्वेदिक उपचार करने की शिकायतें भी विभाग को मिली हैं, जिनकी गहन जांच शुरू कर दी गई है।
भोपाल में संचालित कुछ त्वचा एवं सौंदर्य (स्किन) क्लीनिकों द्वारा मनमाने ढंग से इलाज करने और मरीजों को गुमराह करने की हरकतों पर अब स्वास्थ्य विभाग ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। विभाग की ओर से शहर के करीब छह से सात स्किन क्लीनिकों को नोटिस थमाए गए हैं। दरअसल, विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ये क्लीनिक बाल उगाने (हेयर ट्रांसप्लांट व थेरेपी) और चेहरे की झाइयों जैसी विभिन्न समस्याओं के इलाज का झांसा देकर आम जनता से मोटी रकम वसूल रहे हैं और उनके साथ ठगी कर रहे हैं। इसके साथ ही, कई क्लीनिकों के खिलाफ विज्ञापन के जरिए इलाज को लेकर बड़े-बड़े और भ्रामक दावे करने की शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं। इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है, जिसमें कुछ एलोपैथिक डॉक्टरों पर नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार करने के आरोप लगे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनीष शर्मा ने गुरुवार को बताया कि नोटिस जारी कर सभी संबंधित क्लीनिकों से जवाब मांगा गया है। वर्तमान में इन सभी मामलों की जांच के लिए टीमें काम कर रही हैं। डॉ. शर्मा ने कहा है कि यदि जांच के दौरान क्लीनिकों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रामक प्रचार या चिकित्सा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

