Punjab

जालंधर कैंट में सेना के वाहन से कुचलकर स्कूली छात्रा की मौत

चंडीगढ़, 07 जुलाई । पंजाब के जालंधर कैंट में सेना के वाहन की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। वह अपनी सहेलियों के साथ स्कूल के बाहर बस का इंतजार कर रही थी।

पुलिस के अनुसार जालंधर कैंट स्थित केंद्रीय विद्यालय-3 (केवी-3) में छुट्टी के बाद केवी-4 स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए केवी-3 के बाहर पहुंची थी। उसी समय 5वीं कक्षा की छात्रा पायल भी अपनी सहेलियों के साथ बस का इंतजार कर रही थी। स्कूल की छुट्टी होने के कारण वहां बच्चों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही थी। इसी दौरान आर्मी का एक ट्रक स्कूल के पास पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ड्राइवर ने वाहन को मोड़ने के लिए यू-टर्न लेना शुरू किया। इसी दौरान पायल ट्रक की चपेट में आ गई और उसके सिर के ऊपर से पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर थाना कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।