Rajasthan

झालाना में ‘किंग राणा’ पर भारी पड़ी नीलगाय: रोमांचक मुठभेड़ देख दंग रह गए पर्यटक

जयपुर, 19 जुलाई । झालाना लेपर्ड रिजर्व में रविवार को जंगल का एक दुर्लभ और रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब ‘किंग ऑफ झालाना’ के नाम से प्रसिद्ध नर तेंदुआ राणा एक वयस्क नर नीलगाय के सामने पीछे हट गया। इस घटनाक्रम को सफारी पर आए पर्यटकों ने प्रत्यक्ष देखा।घटना रिजर्व के एक वाटर पॉइंट की है, जहां तेंदुआ राणा पहले से मौजूद था। इसी दौरान एक वयस्क नर नीलगाय पानी पीने के लिए वहां पहुंचा। तेंदुए की मौजूदगी के बावजूद नीलगाय बिना किसी भय के शांतिपूर्वक पानी पीता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राणा ने कई बार गुर्राकर और आक्रामक मुद्रा बनाकर अपना दबदबा दिखाने का प्रयास किया, लेकिन नीलगाय पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। पानी पीने के बाद नीलगाय अपने नुकीले सींग आगे कर तेंदुए की ओर बढ़ा। कुछ देर दोनों आमने-सामने रहे, लेकिन नीलगाय के विशाल आकार और मजबूत सींगों को देखते हुए राणा ने हमला करने के बजाय पीछे हटना ही उचित समझा।

इस अप्रत्याशित दृश्य को देखकर सफारी में मौजूद पर्यटक भी हैरान रह गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान वाटर पॉइंट के आसपास मौजूद मोर और टिटहरी भी इस रोमांचक मुकाबले के साक्षी बने रहे। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार स्वस्थ और वयस्क नर नीलगाय पर तेंदुए सामान्यतः हमला नहीं करते, क्योंकि उसका विशाल शरीर और नुकीले सींग शिकारी के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। ऐसे में अनुभवी तेंदुए अनावश्यक जोखिम लेने से बचते हैं।

इस दुर्लभ घटनाक्रम को वन्यजीव गाइड सीपी सैनी ने अपने कैमरे में कैद किया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यह घटनाक्रम जंगल के उस स्वाभाविक संतुलन को भी दर्शाता है, जहां परिस्थितियां और विवेक कई बार ताकत से अधिक महत्वपूर्ण साबित होते हैं।