जोधपुर के युवक के नाम पर कर्नाटक में बनाई फर्जी कंपनी
जोधपुर, 25 जुलाई । जोधपुर के रहने वाले एक युवक के नाम कर्नाटक में फर्जी फर्म खोल दी गई। युवक का आरोप है कि उसके नाम से फर्जी आधार और पैन कार्ड बनाए गए। वह खुद कम पढ़ा-लिखा है। अंग्रेजी में साइन करना भी नहीं आता। इसके बाद भी पैन कार्ड पर उसके इंग्लिश में साइन है। फर्जी नंबरों से अलग-अलग बैंक में अकाउंट खोले गए। अब कर्नाटक पुलिस ने उसे वहां बुलाया है। ऐसे में उसका परिवार डरा हुआ है। जोधपुर के बासनी थाने में कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है।
पीडि़त विनोद बंजाना ने बताया कि वह सांगरिया स्थित एक कंपनी में मजदूरी करता है। उसका राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक के सांगरिया ब्रांच में अकाउंट है। उसका सैलरी का पैसा उसी में आता है। जब वह सैलरी के रुपये अकाउंट से निकलवाने गया तो बैंक अधिकारियों ने बताया कि कर्नाटक के एमजी रोड हावेरी साइबर पुलिस स्टेशन के नोटिस पर उसका अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। पीडि़त ने आरोप लगाया कि साइबर ठगी के लिए उसके फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार कर अलग-अलग बैंकों में कई खाते खोले गए है। जिन पांच नंबर से अकाउंट खोले गए, वे उसके नहीं है। इन नंबरों से कभी उसके पास कोई मैसेज नहीं आया। यहां तक कि वह केवल एक मोबाइल नंबर यूज करता है। बासनी थाने में दी रिपोर्ट में युवक ने बताया कि उसके नाम से फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार किए गए है। वह कम पढ़ा लिखा है लेकिन जिस पैन कार्ड को यूज किया है, उस पर इंग्लिश में साइन है। इसके अलावा उसके नाम से बनी मेल आईडी भी गलत तरीके से यूज की गई। उसने बताया कि इन मामलों को लेकर कर्नाटक पुलिस उसे बुला रही है लेकिन इस घटना के बाद से वो और उसका परिवार डरा हुआ है।

