UP

तकनीकी त्रुटि दूर कर एलएलबी छात्रों का परीक्षाफल अपडेट : राकेश कुमार

कानपुर, 19 जुलाई । एलएलबी पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की परीक्षा नियमावली और प्रचलित अध्यादेश के अनुरूप घोषित किए गए हैं। जिन छात्रों के परीक्षाफल में तकनीकी त्रुटि के कारण समस्या आई थी, उसे तत्काल दूर कर परिणाम अपडेट कर दिया गया है। यह बातें रविवार को परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने आज एलएलबी पाठ्यक्रम के परीक्षाफल का पुनः परीक्षण किया। जांच के दौरान पंडित आर.के. शुक्ला विधि महाविद्यालय, कानपुर (केएन-112) के एलएलबी षष्ठम सेमेस्टर के कुछ छात्र-छात्राओं के परिणाम में तकनीकी त्रुटि सामने आई, जिसे तत्काल ठीक कर दिया गया।

परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि समर्थ पोर्टल पर कुछ विद्यार्थियों के परीक्षाफल में तकनीकी कारणों से आर.डी. प्रदर्शित हो रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय की तकनीकी टीम ने त्रुटि का परीक्षण कर उसे दूर कराया और संबंधित विद्यार्थियों का संशोधित परीक्षाफल पोर्टल पर अपडेट कर दिया।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध अन्य सभी विधि महाविद्यालयों के एलएलबी पाठ्यक्रम के परीक्षा परिणाम पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप घोषित किए गए हैं। यह समस्या केवल पंडित आर.के. शुक्ला विधि महाविद्यालय के एलएलबी षष्ठम सेमेस्टर के कुछ परीक्षार्थियों तक सीमित थी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रभावित विद्यार्थियों से अद्यतन परीक्षाफल विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर देखकर आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की परीक्षा नियमावली एवं प्रचलित अध्यादेश के अनुसार ही घोषित किए गए हैं।