कैथल: अफीम सप्लायर व हेराेइन तस्कर गिरफ्तार
कैथल, 30 जुलाई । पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम सप्लायर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में 21 किलो 580 ग्राम अफीम बरामदगी के केस में सप्लायर को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में 269 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 125 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में एक सहआरोपी को काबू किया गया।
एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई जय भगवान की टीम ने 21 किलो 580 ग्राम अफीम बरामदगी मामले में बिहार के जिला सुपौल के गांव सरायगढ़ निवासी पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले से ही किसी अन्य मामले में कैथल जेल में बंद था। उसकी गिरफ्तारी के लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए, जिसके बाद उसे इस मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि 28 जून को एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गांव चंदाना बाईपास पर नाकाबंदी के दौरान एक एक्सेंट कार से गाजियाबाद (यूपी) के गांव रहिशपुर निवासी कपिल कुमार को गिरफ्तार किया था। उसकी कार की डिग्गी से 21 किलो 580 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। जांच के दौरान पप्पू कुमार का नाम सप्लायर के रूप में सामने आया था।
इसी तरह दूसरे मामले में सीआईए कलायत की टीम ने 269 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 125 ग्राम अफीम बरामदगी के मामले में सहआरोपी वंश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर अम्बाला रोड और खुराना रोड के बीच बाईपास पर नाकाबंदी कर पट्टी अफगान निवासी अनिल कुमार को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 269 ग्राम हेरोइन और 125 ग्राम अफीम बरामद हुई थी।
पूछताछ के दौरान अनिल कुमार ने खुलासा किया कि वह माता गेट निवासी वंश गुप्ता के साथ मिलकर नशा तस्करी करता था और बरामद नशीले पदार्थ में दोनों की साझेदारी थी। इसके बाद पीएसआई अमित कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वंश गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

