प्रदेश के सात शहरों में बारिश, 22 जुलाई के बाद तेज मानसूनी गतिविधियों के आसार
जयपुर, 15 जुलाई । कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश का दौर जारी है। बुधवार को प्रदेश के सात शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 17 मिमी वर्षा दौसा जिले के नांगल राजावतान में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जबकि 22 जुलाई के बाद प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज होने और व्यापक वर्षा होने के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को श्रीगंगानगर, भरतपुर, दौसा, डीग, करौली, सवाई माधोपुर और डूंगरपुर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीगंगानगर को छोड़कर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
राजधानी जयपुर में पिछले दो दिनों से आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। हालांकि बादलों की आवाजाही के बावजूद शहर में बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा तथा 22 जुलाई के बाद मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है।

