UP

आईआईए बरेली चैप्टर के नए चेयरमैन बने शेखर अग्रवाल, उद्योग हितों को प्राथमिकता देने का संकल्प

बरेली, 01 जुलाई । इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर को नया नेतृत्व मिल गया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने वर्ष 2026-27 के लिए बरेली चैप्टर के चेयरमैन पद पर उद्योगपति शेखर अग्रवाल को मनोनीत किया है। उनके मनोनयन से बरेली के उद्योग जगत में खुशी का माहौल है।

नवनियुक्त चैप्टर चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि बरेली चैप्टर को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं उद्योग हितैषी बनाने के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आईआईए बरेली चैप्टर की नई कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा। इसके साथ ही उद्यमियों की समस्याओं के समाधान, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, निवेश को प्रोत्साहित करने और शासन-प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने को प्राथमिकता दी जाएगी।

निवर्तमान चैप्टर चेयरमैन मयूर धीरवानी ने शेखर अग्रवाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अग्रवाल के नेतृत्व में आईआईए बरेली चैप्टर संगठनात्मक रूप से और मजबूत होगा तथा उद्योगों के हितों के संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य करेगा। उन्होंने संगठन से जुड़े कार्यों में अपना सहयोग और मार्गदर्शन जारी रखने की बात कही।

शेखर अग्रवाल के मनोनयन पर उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने भी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रजत मेहरोत्रा, आशीष गुप्ता, विमल रिवाड़ी, घनश्याम खंडेलवाल, नीरज गोयल, तनुज भसीन, मनोहर लाल धीरवानी, एसके सिंह, सतीश अग्रवाल, घनंजय विक्रम सिंह, पीयूष कुमार अग्रवाल, चंद्र भूषण सक्सेना, मनोज पंजाबी, अभिनव अग्रवाल, दिलीप खंडेलवाल, सुनीत मूना और ध्रुव खनिजों सहित कई पदाधिकारियों एवं उद्यमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।