Haryana

जींद : बिजली कटौती से नाराज किसानों ने लगाया जाम

जींद, 16 जुलाई । सफीदों क्षेत्र के गांवों में पिछले तीन दिनों से लगातार जारी बिजली कटौती ने किसानों की परेशानी को चरम पर पहुंचा दिया है। घोषित कटों और अनियमित बिजली आपूर्ति से नाराज किसानों का गुस्सा गुरूवार को फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने सफीदों-पानीपत रोड को जाम कर दिया। जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही बिजली निगम के एसडीओ अंकुश गर्ग मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत शुरू की।

करीब एक घंटे तक चली वार्ता के दौरान एसडीओ ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और बिजली आपूर्ति में सुधार किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों का गुस्सा कुछ शांत हुआ और उन्होंने जाम खोलने का निर्णय लिया। इसके बाद यातायात को बहाल किया गया और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

गांव मलिकपुर, खेड़ा खेमावती और धर्मगढ़ के किसान सफीदों स्थित 220 केवी पावर हाउस पहुंच गए। किसानों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत करने की कोशिश की, तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे नाराज होकर किसानों ने सुबह करीब सात बजे सफीदों-पानीपत रोड को जाम कर दिया। इससे पहले प्रदर्शनकारी किसानों ने 220 केवी पावर हाउस के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और वहीं धरने पर बैठकर बिजली निगम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन में शामिल किसानों ने बताया कि धर्मगढ़ फीडर से जुड़े गांवों में बिजली की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।

पिछले तीन दिनों से रात के समय लगातार चार-चार घंटे तक बिजली गायब रहती है। जिससे खेतों में सिंचाई का काम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। धान और अन्य फसलों के लिए इस समय पानी बेहद जरूरी है लेकिन बिजली की कमी के कारण किसान अपनी फसलों को समय पर पानी नहीं दे पा रहे हैं। किसानों ने बताया कि केवल खेतों में ही नही बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की आपूर्ति बेहद खराब है। रात के समय लंबे कट लगने से लोगों को दैनिक जीवन में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।