Delhi

आनंद विहार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर संयुक्त निरीक्षण

नई दिल्ली, 28 अगस्त । पूर्वी दिल्ली जिला प्रशासन के समन्वय में शुक्रवार को आनंद विहार रेलवे स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वार तथा आसपास के एनसीआरटीसी क्षेत्र का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों और आमजन की सुगम एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ यातायात, पैदल आवागमन, जन-सुविधाओं तथा वायु प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं का मौके पर जायजा लेना और उनके प्रभावी समाधान पर विचार करना था। इस दौरान विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने निरीक्षण में भाग लिया।

निरीक्षण के दौरान आनंद विहार रेलवे स्टेशन के प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर यातायात के अत्यधिक दबाव, जाम, पैदल यात्रियों की आवाजाही, एस्केलेटर की उपलब्धता एवं संचालन, पार्क तथा आसपास के मार्गों तक पहुंच, ई-रिक्शा की आवाजाही और सड़क पर मौजूद धूल सहित विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यात्रियों एवं वाहनों के सुचारु आवागमन के लिए यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने, पैदल यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने तथा ई-रिक्शा के संचालन को सुव्यवस्थित करने के उपायों पर चर्चा की। यात्रियों की सुविधा के लिए एस्केलेटर की पर्याप्त उपलब्धता और पार्क तक उचित पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

यातायात जाम और सड़क की धूल से प्रदूषण पर चिंता निरीक्षण के दौरान वायु प्रदूषण नियंत्रण पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने माना कि यातायात जाम और वाहनों के अनावश्यक रूप से रुकने से वाहन उत्सर्जन बढ़ता है। वहीं सड़क पर जमा धूल वाहनों की आवाजाही के कारण दोबारा हवा में उड़कर प्रदूषण को बढ़ाती है। इस समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट, डस्ट सप्रेशन, सड़क की नियमित सफाई एवं पानी के छिड़काव तथा अन्य प्रदूषण नियंत्रण उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित विभागों ने मौके पर चिन्हित समस्याओं का संयुक्त रूप से जायजा लिया। विभागवार आवश्यक कार्रवाई, जिम्मेदारी तय करने तथा आपसी समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने पर सहमति बनी।

जिला प्रशासन ने कहा कि आनंद विहार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने, यात्रियों एवं पैदल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने, सार्वजनिक पहुंच को बेहतर बनाने तथा वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए चिन्हित समस्याओं का व्यावहारिक एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

संयुक्त निरीक्षण में संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समीर पाल, थाना प्रभारी शिव कुमार, डीटीआईडीसी के पीके सिंह, एमसीडी के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एसके गुप्ता, एमसीडी के राहुल, प्रशासनिक अधिकारी पवन गौतम, दिल्ली मेट्रो के वरिष्ठ स्टेशन प्रबंधक सतीश कुमार सिंह, पीडब्ल्यूडी के गौरव शर्मा, एनसीआरटीसी के स्टेशन कंट्रोलर गौतम, जूनियर इंजीनियर अंशुल, एसडीएम (मुख्यालय) नरेंद्र, एसडीएम पटपड़गंज नितिन शाक्य, कार्यकारी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार तथा सिविल डिफेंस के पार्ट-टाइम इंस्ट्रक्टर कमल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

————