भाजपा प्रदेश कार्यालय में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग एवं लखन पटेल ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल, 05 अगस्त । मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग एवं मंत्री लखन पटेल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात कर उनकी जनसमस्याओं, सुझावों एवं स्थानीय मुद्दों को गंभीरता से सुना।
इस दौरान दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। जिन समस्याओं का मौके पर ही निराकरण संभव था, उनका तत्काल समाधान कराया गया, जबकि जिन मामलों में विस्तृत प्रशासनिक प्रक्रिया आवश्यक थी, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण के लिए भेजा गया।
कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग एवं मंत्री लखन पटेल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके माध्यम से प्राप्त प्रत्येक जनसमस्या का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

