पुस्तकें पढ़ने को प्रोत्साहित करने के मकसद से “मेरे शब्द, मेरी कहानी” अभियान का शुभारंभ
धर्मशाला, 19 अगस्त । राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार “मेरे शब्द, मेरी कहानी” थीम पर आधारित पठन अभियान का शुभारंभ डाइट कांगड़ा, धर्मशाला में किया गया। अभियान का शुभारंभ उप निदेशक शिक्षा गुणवत्ता एवं जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा कांगड़ा ने किया। इसके माध्यम से डिजीटल दौर में पुस्तकालयों को जीवंत बनाए रखने और पठन संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यक्रम में रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट के राज्य समन्वयक विपिन काठियाल ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और पठन संस्कृति को मजबूत करने तथा विद्यालयी पुस्तकालयों के प्रभावी उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया। इसके अलावा डाइट प्रधानाचार्या निशा कटोच ने प्रशिक्षणार्थियों से स्वयं नियमित पठन की आदत विकसित कर भविष्य में बच्चों को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। जबकि अन्य वक्ताओं ने कहा कि पुस्तकालय, बच्चों में कल्पनाशक्ति, भाषा कौशल, रचनात्मकता, चिंतन एवं अभिव्यक्ति विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
जिला पुस्तकालय समन्वयक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि यह अभियान जिला कांगड़ा के 23 शैक्षिक खंडों के प्राथमिक विद्यालयों में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकों से जोड़ने के साथ नियमित पठन, रचनात्मक लेखन, चिंतन एवं अभिव्यक्ति के अवसर उपलब्ध कराना है। जिला स्तर पर अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी एवं प्रगति का संकलन किया जाएगा।

