सिरसा: अपराध और अराजकता की आग में झुलस रहा हरियाणा: सैलजा
सिरसा, 09 अगस्त । सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हत्या, लूटपाट, फिरौती और गोलीबारी जैसी घटनाओं ने आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। सरकार को राजनीतिक बयानबाजी और कानून-व्यवस्था बेहतर होने के दावों के बजाय धरातल पर अपराध रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
सैलजा ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ चुके हैं कि वे दिनदहाड़े गंभीर वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे। फतेहाबाद और पानीपत में भी इस प्रकार की गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
सांसद ने कहा कि कुछ दिन पहले रोहतक में पुलिस थाने के सामने कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा कथित तौर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई थी। पुलिस थाने के सामने जनप्रतिनिधि के कार्यालय पर इस तरह की वारदात होना अपने आप में बेहद गंभीर है। जब जनप्रतिनिधि, कारोबारी और दुकानदार तक स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं तो आम परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
सैलजा ने कहा कि प्रदेशवासियों के जान-माल की सुरक्षा सरकार की पहली संवैधानिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री और सरकार केवल आंकड़ों तथा दावों के सहारे कानून-व्यवस्था को बेहतर नहीं बता सकते। सरकार को जमीनी हकीकत स्वीकार करते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए और गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों एवं गिरोहों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाना चाहिए।

