राष्ट्रीय खेल दिवस पर डीएसबी परिसर में मेजर ध्यानचंद को किया याद
नैनीताल, 29 अगस्त । कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं और उन्हें खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। प्रो. ललित तिवारी ने मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनकी उपलब्धियों और भारतीय हॉकी में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में परिसर में टेबल टेनिस और शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे पहले 28 अगस्त को विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गई थीं, जबकि खेल गतिविधियों की अगली कड़ी में 30 अगस्त को फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में डॉ. नंदन बिष्ट, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. अशोक कुमार, अपूर्वा बिष्ट, अनिता रावत, अतुल चंद्र और शिखा रावत सहित शिक्षक एवं परिसर के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विज्ञान वर्ग के नवप्रवेशित पीएचडी शोधार्थियों की पूर्व-पीएचडी पाठ्यक्रम कक्षाएं एक सितंबर से
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवप्रवेशित पीएचडी शोधार्थियों के विज्ञान वर्ग की पूर्व-पीएचडी पाठ्यक्रम कार्य की कक्षाएं एक सितंबर से जंतु विज्ञान विभाग के सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होंगी। सभी नवप्रवेशित शोधार्थियों के लिए पाठ्यक्रम में भाग लेना और 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गयी है।
संकायाध्यक्ष प्रो. संजय पंत ने बताया कि पाठ्यक्रम कार्य के संचालन के लिए वनस्पति विज्ञान की प्रो. सुषमा टम्टा को संयोजक तथा प्रो. नीलू लोधियाल को सह संयोजक बनाया गया है। उन्होंने सभी नवप्रवेशित शोधार्थियों से निर्धारित समय पर कक्षाओं में उपस्थित रहने को कहा है।
इधर, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने एमएससी वनस्पति विज्ञान के लिए पंजीकरण कराया है, वे सभी आवश्यक पत्रों के साथ सोमवार 31 अगस्त को वनस्पति विज्ञान विभाग में उपस्थित होंगे।

