इंदौरः ग्राम लसुड़िया परमार में लगा जन-विश्वास शिविर, मौके पर समस्याए सुन हाथों-हाथ किया गया निराकरण
इंदौर, 21 अगस्त । मध्य प्रदेश में गांव की चौपाल तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र सांवेर के ग्राम लसुड़िया परमार जिला इंदौर में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। डॉ. अंबेडकर सामुदायिक भवन परिसर में आयोजित शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अनेक मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्रवाई की। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, प्रमुख सचिव राजस्व ई. रमेश कुमार, कलेक्टर शिवम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रोशन राय, जनपद इंदौर अध्यक्ष कान्हा पटेल, सरपंच त्रिशिता रवि बाजपेयी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
गांव की गलियों में घूमकर अधिकारियों ने लिया मैदानी जायजा
जन-विश्वास शिविर केवल शिकायतों की सुनवाई तक सीमित नहीं रहा। अधिकारियों ने क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का मैदानी निरीक्षण किया तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी। नागरिकों से सीधे संवाद कर यह भी समझा गया कि योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ उन्हें किस तरह मिल रहा है।
समस्याओं संबंधी आवेदनों का हाथों-हाथ निराकरण
सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 ऐप, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी मंत्री सिलावट द्वारा समीक्षा की गई। जिन प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर संभव था, उनमें त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राज्य स्तर से निर्णय, बजट अथवा तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता वाले मामलों को संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर समयबद्ध निराकरण के लिए आगे बढ़ाया गया। शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, इनमें से 66 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष 49 आवेदनों के निराकरण की समयसीमा तय कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य शिविर भी लगा स्वास्थ्य जांच के साथ आधार अपडेशन की सुविधा
इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जो नागरिकों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहा। शिविर में 88 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही 35 नागरिकों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया गया। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा के साथ आवश्यक दस्तावेज संबंधी सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध हुईं। साथ ही आयुष विभाग ने 227 रोगियों को वात व्याधि, अर्श, चर्म रोग, उदर रोग, श्वास कास, नेत्र रोग, नाक कान गला रोग, पुराने घाव के लिए स्वास्थ्य परीक्षण परामर्श कर निःशुल्क औषधि वितरण किया गया।
मंत्री, कलेक्टर और अधिकारी एक ही बस से जन-विश्वास शिविर में पहुँचे
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लसुडिया परमार में आयोजित जन-विश्वास शिविर में शामिल होने के लिए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, कलेक्टर शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति तथा अपर कलेक्टर रोशन राय सहित जिले के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि आज सुबह कलेक्टर कार्यालय से एक ही बस में सवार होकर लसूडिया परमार पहुँचे।
लसुड़िया परमार में मंत्री तुलसीराम सिलावट, राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार, कलेक्टर शिवम वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक राजेंद्र वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने ग्राम का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं, आवश्यकताओं और गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने पंचायत भवन में पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच त्रिशिता रवि वाजपेयी ने गांव में अब तक किए गए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्राम में आगामी समय में आवश्यक विकास कार्यों और प्राथमिकताओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में ग्रामीणों ने भी अपनी विभिन्न मांगें एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्रामीणों द्वारा बताई गई आवश्यकताओं और स्थानीय प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों की सहभागिता से गांव के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार की गई तथा विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने के लिए सहमति बनी।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लसूडिया परमार गांव पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांव की स्वच्छता, सुव्यवस्थित विकास और ग्रामीण सुविधाओं की सराहना की। गांव की बेहतर व्यवस्थाओं को देखकर अधिकारी और जनप्रतिनिधि अभिभूत नजर आए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गांव में बनाए गए सर्वसुविधायुक्त पंचायत भवन का अवलोकन किया और इसकी व्यवस्थाओं की सराहना की। पंचायत भवन के समीप विकसित किए गए खेल मैदान और उद्यान को देखकर भी उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उद्यान में ग्रामीणों की सुविधा के लिए स्थापित ओपन जिम को भी उन्होंने सराहा।
श्रमदान कर की गई सफाई
गांव में साफ-सफाई और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था देखकर अधिकारियों ने ग्रामीणों और पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के साथ स्वच्छता और सामुदायिक सुविधाओं का बेहतर होना ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। मंत्री श्री सिलावट, कलेक्टर श्री वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रमदान कर सफाई की।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने 31 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित डॉ. अंबेडकर सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया। इस सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए अटल कृषक भवन का लोकार्पण भी आज किया गया। 11.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह कृषक भवन ग्राम पंचायत भवन के ऊपर स्थित है। भवन के निर्माण से किसानों को विभिन्न कृषि संबंधी कार्यों एवं बैठकों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।

