‘द पैराडाइज’ में नानी का दिखेगा रॉ और बेबाक अवतार
नेचुरल स्टार नानी अपनी आगामी फिल्म ‘द पैराडाइज’ में अब तक के सबसे अलग और इंटेंस अवतार में नजर आने वाले हैं। ‘जर्सी’ और ‘हाय नन्ना’ जैसी फिल्मों में भावुक किरदारों से दर्शकों का दिल जीत चुके नानी इस बार रॉ ड्रामा और जबरदस्त एक्शन से भरपूर भूमिका निभाएंगे। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नानी जड़ाल नाम के किरदार में दिखाई देंगे, जो झुग्गी-बस्ती की पृष्ठभूमि से निकलकर एक अनलाइकली लीडर और लोगों के रक्षक के रूप में सामने आता है। फिल्म 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म से जुड़े सूत्र के मुताबिक, नानी का किरदार एक सेक्स वर्कर के बेटे का है, जिसे सोनाली कुलकर्णी निभा रही हैं। वह बेहद कठिन परिस्थितियों में एक झुग्गी-बस्ती में पला-बढ़ा है और बड़े माफिया जमींदारों के अत्याचारों का सामना करता है। फिल्म में मोहन बाबू और राघव जुयाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सूत्र के अनुसार, जड़ाल की मजबूत बैकस्टोरी ही उसके व्यक्तित्व में बदलाव की अहम वजह बनती है। टीजर में नानी के हिंसक, बेखौफ और देसी अंदाज की झलक पहले ही देखने को मिल चुकी है। फिल्म की दुनिया को वास्तविक और प्रभावशाली बनाने के लिए निर्माताओं ने करीब 2.5 एकड़ में एक विशाल झुग्गी-बस्ती का सेट तैयार किया है, जिसके निर्माण से पहले देश की विभिन्न झुग्गी-बस्तियों का अध्ययन किया गया।
‘द पैराडाइज’ के प्रमोशनल कंटेंट को भी दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म का गाना ‘आया शेर’ यूट्यूब पर 200 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है और सोशल मीडिया पर भी इसका क्रेज देखने को मिल रहा है। नानी के लुक और सिग्नेचर हुकस्टेप को लेकर प्रशंसक बड़ी संख्या में रील्स बना रहे हैं। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत आठ भाषाओं में रिलीज की जाएगी। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय पहुंच बढ़ाने के लिए निर्माताओं ने हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से भी इसे विदेशी बाजारों में प्रस्तुत करने के लिए संपर्क किया है। ‘दसरा’ जैसी सफल फिल्म दे चुके श्रीकांत ओडेला के निर्देशन और नानी के नए अवतार ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।————–

