पंडित प्रदीप मिश्रा ने सीहोर की पहचान को विश्व स्तर पर पहुंचाया : प्रिंस राठौर
सीहोर, 25 अगस्त । पवित्र श्रावण मास के अवसर पर मंगलवार को सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक निकाली गई भव्य कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे यात्रा मार्ग पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वागत किया और उनके साथ कांवड़ यात्रा में सहभागिता की।
इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपनी कथाओं, शिवभक्ति और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सीहोर को देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर पहचान दिलाई है। कुबेरेश्वरधाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना सीहोर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है।
300 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्थाओं में तैनातकांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन के साथ नगर पालिका परिषद की टीम ने भी व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं संभालीं। नगर पालिका के 300 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक अलग-अलग जिम्मेदारियों में तैनात रहे। स्वच्छता, पेयजल, यातायात में सहयोग और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कर्मचारी लगातार सेवाएं देते रहे।
कांवड़ में जल भरने के लिए 600 नलों की व्यवस्था
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए सीवन नदी क्षेत्र में करीब 600 नल लगाए गए। इससे श्रद्धालुओं को कांवड़ में जल भरने में सुविधा मिली। यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए दर्जनों कचरा वाहन लगाए गए और सफाई कर्मचारियों की टीमें लगातार काम करती रहीं।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहा विशेष जोरप्रिंस राठौर ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का सीहोर पहुंचना शहर के लिए सौभाग्य की बात है। नगर पालिका का प्रयास रहा कि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से मार्ग पर पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।
उन्होंने कहा कि श्रद्धा, आस्था और सेवा की भावना के साथ निकाली गई यह कांवड़ यात्रा सीहोर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करती है। नगर पालिका भविष्य में भी ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी।
भगवा ध्वज और कांवड़ के साथ उमड़ा आस्था का सैलाबकांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त कंधों पर कांवड़ और हाथों में भगवा ध्वज लेकर कुबेरेश्वरधाम की ओर बढ़े। हर-हर महादेव, बम-बम भोले और श्री शिवाय नमस्तुभ के जयघोष से सीवन नदी से कुबेरेश्वरधाम तक पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। नपाध्यक्ष ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ जिला प्रशासन, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

