MP

राजगढ़: ओवरटेक के दौरान खड़े डंपर में घुसी कार, मां-बेटे-बहू की मौत, दो बच्चे सुरक्षित

राजगढ़, 11 अगस्त । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए राजस्थान के धौलपुर से निकला एक परिवार मंगलवार सुबह सारंगपुर के पास दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-52) पर मऊ के पास परिवार की अर्टिगा कार ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार मां, बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार में सवार दो बच्चे सुरक्षित हैं।

सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान धौलपुर निवासी सोमा (65) पत्नी सुनील त्रिवेदी, अंकुर (42) पुत्र सुनील त्रिवेदी और अर्चना (40) पत्नी अंकुर त्रिवेदी के रूप में हुई है। घायलों में निहाल (22) पुत्र अतुल तिवारी और कार चालक अब्दुल शामिल हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

ओवरटेक करते समय हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, त्रिवेदी परिवार के छह सदस्य कार से धौलपुर से उज्जैन जा रहे थे। एनएच-52 पर शिमला होटल के सामने चालक अब्दुल आगे चल रही एक कार को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन डंपर से को-ड्राइवर साइड की ओर पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दो बच्चे सुरक्षित

हादसे के समय कार में अंकुर और अर्चना के दो बेटे अंश (14) और तेजस (10) भी सवार थे। दोनों बच्चे हादसे में सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।