शुरू होने से पहले ही आ गई दो करोड़ की लागत से बनी रेहड़ी फहड़ी मार्केट व पार्किंग में दरारें
मंडी, 27 अगस्त । मंडी शहर में सुकेती खड्ड किनारे नेशनल हाइवे बाइपास के साथ दो करोड़ से भी अधिक लागत से तैयार की जा रही रेहड़ी फहड़ी मार्केट व पार्किंग जिसका काम लगभग पूरा हो चुका है तथा उदघाटन की तैयारियां की जा रही हैं, में बड़ी दरारें आ जाने से निर्माण की गुणवता पर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के प्रवेश द्वार पर लगभग 400 मीटर की लंबाई में हुए इस निर्माण में शहर के रेहड़ी फहड़ी वालों को एक जगह पर लाए जाने की योजना है तथा पार्किंग के लिए भी एक बड़ी जगह उपलब्ध करवाने की योजना है। अब जबकि इसका फर्श पड़ चुका है, रेलिंग भी लग चुकी है और जल्दी ही इसके शुरू किए जाने की चर्चा हो रही है तो इसमें एक लंबी दरार आ गई जो एक बड़ा खतरा नजर आ रही है। लोगों में इस दरार को लेकर बड़ी चर्चा है। शुरू हो जाने से पहले ही इस तरह जमीन के दरक जाने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि इस बार तो मंडी में बारिश भी बेहद कम हुई। सुकेती खड्ड जो हर साल अपने उफान से तबाही मचाती थी वह भी पूरी बरसात में खामोश जैसी रही, फिर भी यह निर्माण हिल गया। इसे लेकर लोग जांच करवाने की मांग कर रहे हैं।

