Delhi

सुप्रीम कोर्ट की अपील- मणिपुर में बंद पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग खोलने पर सहमति बनाएं दोनों पक्ष

नई दिल्ली, 14 अगस्त । उच्चतम न्यायालय ने मणिपुर के विरोधी गुटों से अपील की है कि वो अवरुद्ध पड़े राष्ट्रीय राजमार्गों को फिर से खोलने पर विचार करें। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने दोनों पक्षों से सड़कों को फिर से खोलने के लिए सहमति बनाने का आग्रह किया।

उच्चतम न्यायालय ने कहा कि दोनों गुटों की ओर से राजमार्गों को बंद करने की ताजा कोशिशों की वजह से आम लोगों को रोजमर्रा की जरुरी चीजें की सप्लाई होने में बाधा आ रही है। राजमार्ग बंद करने से किसी को लाभ नहीं है। हर किसी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

याचिका कुकी वुमन आर्गनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स ने दायर की है। याचिका में कुकी बहुल इलाकों में राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर जरुरी सामानों की आपूर्ति बहाल करने के लिए दिशा-निर्देश देने की मांग की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग दो इम्फाल और नगालैंड के दीमापुर को जोड़ता है।

नगा-कुकी समुदाय के बीच मई में ताजा झड़पें हुई थीं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर सशस्त्र हमलों का आऱोप लगाया है। इस दौरान कई नागरिकों का अपहरण किया गया।