कांवड़ मेला : खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापा, चार खाद्य नमूने जांच काे भेजे
हरिद्वार, 06 अगस्त । कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने साधुबेला, भूपतवाला और बैरागी कैंप सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित ढाबों, रेस्टोरेंट्स और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में क्रीम, कढ़ी-पकौड़ा, बेसन और स्ट्रिंग एनर्जी ड्रिंक के कुल चार नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, ताजा भोजन परोसने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने तथा केवल गुणवत्तायुक्त कच्ची सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डे और कैलाश चन्द्र शर्मा भी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

