शौर्य स्थल में मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग, सैनिक कल्याण मंत्री को सौंपा ज्ञापन
देहरादून, 31 अगस्त (हि. स.)। कुमाऊं रेजीमेंट की चौथी बटालियन के पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने देहरादून स्थित चीड़बाग के निकट शौर्य स्थल में भारतीय सेना के प्रथम परमवीर चक्र विजेता शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
पूर्व सैनिक संगठन ने कहा कि मेजर सोमनाथ शर्मा 4 कुमाऊं के वीर सपूत थे। वर्ष 1947 में जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में उन्होंने अदम्य साहस और नेतृत्व का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके असाधारण शौर्य और बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के प्रथम परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
संगठन ने कहा कि शौर्य स्थल में मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा स्थापित होने से उनके वीरता और बलिदान को स्थायी सम्मान मिलेगा तथा युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी। ज्ञापन में प्रतिमा का अनावरण तीन नवंबर को करने का सुझाव भी दिया गया। संगठन ने कहा कि 4 कुमाऊं की पलटन, नैनी, कुमाऊं रेजीमेंट के गौरवशाली परिवारों और देहरादूनवासियों के सहयोग से प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जा सकता है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मेजर सोमनाथ शर्मा के शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित करने संबंधी प्रस्ताव पर उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों की शौर्यगाथाएं युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके सम्मान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व सैनिक सूबेदार महिपाल सिंह देवपा, सुरेश राठौर, हरिपाल सिंह कार्की, गोविंद सिंह खरकवाल सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

