प्रतापगढ़ में जर्जर मकान हादसे के पीड़ित परिवार से मिले भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष, हर संभव मदद का दिया आश्वासन
प्रतापगढ़, 08 अगस्त । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा शनिवार काे प्रतापगढ़ पहुंचे। उन्हाेंने महुली मंडी के समीप जर्जर मकान की छत गिरने से हुए भीषण हादसे में पीड़ित परिवार के सदस्य से शनिवार काे भेंट की। हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई थी। परिवार में एकमात्र सदस्य अमन श्रीवास्तव ही जीवित बचे हैं। इनका भी उपचार चल रहा है।
प्रतापगढ़ के महुली वार्ड (नगर कोतवाली क्षेत्र) में भारी बारिश के कारण 100 साल पुराने जर्जर मकान की छत ढह गई थी। इस दर्दनाक हादसे में मकान मालिक प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता, पुत्र नितिन, बहू माधुरी और उनके दो मासूम बच्चों सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। परिवार के केवल एक युवक अमन श्रीवास्तव की जान बची, जिनका इलाज चल रहा है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा ने महुली पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त किया। उनके साथ सदर विधायक राजेंद्र मौर्य भी मौजूद रहे। परिवार को शासन व प्रशासन स्तर से हर संभव आर्थिक सहायता और पुनर्वास में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने भी अमन को भरोसा दिलाया कि उसकी जरूरतों को लेकर वह लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अमन श्रीवास्तव के बेहतर जीवन-यापन और भविष्य को मजबूत बनाने के लिए ठोस एवं सार्थक कदम उठाने की मांग की जाएगी।
महुली की इस हृदयविदारक घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई थी। हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित अमन के भविष्य को लेकर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी मदद की पहल की जा रही है।

