फर्रुखाबाद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
फर्रुखाबाद, 28 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रूखाबाद में रक्षाबंधन का पावन पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर में उत्सव जैसा माहौल रहा। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की, तो भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर जीवन भर उनकी रक्षा करने का वचन दिया।
मिठाई की दुकानों पर लगी कतारें
रक्षाबंधन को लेकर दो दिन पहले से ही बाजारों में रौनक देखी गई। चौक, लोहाई रोड, ठंडी सड़क, रेलवे रोड और बढ़पुर की बाजारों में राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ी। बहनों ने रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों और गिफ्ट की खरीदारी की। मिठाई विक्रेताओं के यहां सुबह से ही ग्राहकों की कतारें लगी रहीं।
रक्षाबंधन के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों और सामाजिक संस्थाओं में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं जिला कारागार और पुलिस लाइन में भी बंदियों और पुलिस कर्मियों को राखी बांधने का कार्यक्रम हुआ।
भावुक हुए परदेसी भाई-बहन
जो बहनें अपने भाइयों से दूर हैं, उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से अपने भाइयों को राखी बांधी और ऑनलाइन गिफ्ट भेजकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। जो भाई नौकरी के कारण बाहर हैं, वे भी त्योहार मनाने के लिए अपने घर फर्रुखाबाद पहुंचे।
त्योहार को देखते हुए यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम किए गए।
फर्रुखाबाद नगर में रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प के साथ धूमधाम से मनाया गया।

