राजस्थान के 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, जयपुर में 3-4 फीट तक पानी भरा
जयपुर, 09 अगस्त । राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रविवार सुबह राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 19 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर में सुबह करीब 5-6 बजे से लगातार बारिश हो रही है। करीब तीन घंटे तक हुई तेज बरसात से शहर के निचले इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जयपुर के पुराने शहर में बारिश के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ है। बड़ी चौपड़, मोती डूंगरी रोड सहित कई इलाकों में जलजमाव हो गया। लालरपुरा, गांधी पथ और वैशाली नगर में बारिश की फुहार और धुंध के कारण कोहरे जैसा दृश्य रहा। शनिवार देर रात भी राजधानी में तेज बारिश हुई थी। लगातार तीसरे दिन बारिश होने से मौसम में ठंडक घुल गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का दौर 12-13 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 से 12 अगस्त के बीच दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त और पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई।
अलवर के कोटकासिम में 66 मिमी, थानागाजी में 52 मिमी और तिजारा में 20 मिमी बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 32 मिमी, करौली शहर में 30 मिमी, हिंडौन में 28 मिमी, सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर में 26 मिमी और बरनाला में 22 मिमी बारिश मापी गई। नागौर के मकराना में 19 मिमी, हनुमानगढ़ के रावतसर में 22 मिमी और सवाई माधोपुर के तलवाड़ा में 21 मिमी बारिश हुई।
लगातार बारिश और दिनभर बादल छाए रहने के कारण प्रदेश के कई शहरों के तापमान में गिरावट आ गई।
शनिवार को चूरू, सीकर, पिलानी, हनुमानगढ़, सिरोही और झुंझुनूं में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। कई शहरों में अधिकतम तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट आ गई।
जयपुर जिले के कोटखावदा में 2, जमवारामगढ़ में 2, तूंगा में 8, आंधी में 3 और शाहपुरा में 4 मिमी बारिश मापी गई।
शेखावाटी के जिलों में पिछले कई दिनों से बारिश का दौर बना हुआ है। चूरू शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के कारण कई जगह पानी भर गया है। लगातार बारिश के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

