ईरान की पड़ोसी देशों को चेतावनी, अमेरिकी प्रतिबंधों में सहयोग पर मार्ग प्रभावित करने की धमकी
तेहरान, 23 सितंबर । अमेरिका की ओर से ईरानी एयरलाइंस पर नए प्रतिबंधों की घोषणा के बीच ईरान ने पड़ोसी देशों को इन पाबंदियों को लागू करने में सहयोग नहीं करने की चेतावनी दी है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा कि अमेरिकी प्रतिबंधों में सहयोग करने वाले देशों को जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
ईरान के अर्ध-सरकारी स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क (एसएनएन) को बुधवार को दिए एक साक्षात्कार में रेजाई ने पड़ोसी देशों से अमेरिकी कदमों में शामिल होने से बचने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से ईरानी वाणिज्यिक उड़ानों, यात्री सेवाओं और माल ढुलाई पर प्रतिबंध लगाने में सहयोग न करने को कहा।
रेजाई के मुताबिक, यदि क्षेत्र के देश ईरान के हवाई परिवहन पर लगाए गए प्रतिबंधों को लागू करने में सहयोग करते हैं, तो जवाब में उन देशों के हवाई अड्डों और विमानन मार्गों को भी बंद करने या बाधित करने की कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने अमेरिका के साथ भविष्य में संभावित बातचीत को लेकर भी सख्त रुख का संकेत दिया। रेजाई ने कहा कि वाशिंगटन के साथ आगे की वार्ता और होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने जैसे मुद्दे ईरान की शर्तों पर निर्भर होंगे।

