Delhi

अरविंदो कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने दिल्ली विधानसभा का किया शैक्षणिक भ्रमण

नई दिल्ली, 09 सितंबर । दिल्ली विश्वविद्यालय के अरविंदो कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को युवा आउटरीच कार्यक्रम के तहत दिल्ली विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने विधानसभा परिसर का अवलोकन किया तथा दिल्ली विधानसभा के इतिहास, इसकी गौरवशाली विरासत, लोकतांत्रिक परंपराओं और विधायी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से मुलाकात की और उनके साथ लोकतंत्र, संविधान, विधायिका की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न रखे और विधानसभा की कार्यप्रणाली तथा सदन में होने वाली चर्चाओं को लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी लोकतांत्रिक संस्थाओं को नजदीक से जानने और समझने में विशेष रुचि ले रही है। उन्होंने कहा कि जेन-जी भारत की जागरूक, जिज्ञासु और ऊर्जावान पीढ़ी है तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र को केवल एक राजनीतिक व्यवस्था के रूप में नहीं, बल्कि संवाद, विचार-विमर्श, सहमति, असहमति और संवैधानिक मर्यादाओं पर आधारित एक जीवंत व्यवस्था के रूप में समझना आवश्यक है। दिल्ली विधानसभा का भ्रमण युवाओं को यह समझने का अवसर देता है कि जनप्रतिनिधि किस प्रकार जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से जनहित से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाया जाता है।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक परिसर का निर्देशित भ्रमण किया तथा इसकी समृद्ध स्थापत्य एवं संस्थागत विरासत से परिचित हुए। विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई जिससे वे इस भवन के केंद्रीय विधान सभा से जुड़े ऐतिहासिक संबंधों के साथ-साथ इससे संबंधित महत्वपूर्ण संसदीय विभूतियों और ऐतिहासिक घटनाओं के बारे में जान सके।

विद्यार्थियों को विधानसभा की स्मरणीय कॉफी टेबल बुक “एक शताब्दी यात्रा” से भी परिचित कराया गया, जिसमें दिल्ली विधानसभा की ऐतिहासिक यात्रा और समृद्ध विरासत का दस्तावेजीकरण किया गया है। भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों ने मुख्य विधानसभा कक्ष का अवलोकन किया, जहां उन्होंने विधायी बहसों और सदन की कार्यवाही के संचालन की व्यवस्था को करीब से देखा तथा सदन की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्राप्त किया।

गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने संवैधानिक एवं नागरिक कर्तव्यों को भी समझें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के नीति-निर्माता, जनप्रतिनिधि, प्रशासक, शिक्षक, वैज्ञानिक और समाज के नेतृत्वकर्ता बनेंगे। इसलिए युवाओं का लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों से जुड़ना देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अरविंदो कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने दिल्ली विधानसभा के इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और यादगार अनुभव बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें पुस्तकों में पढ़ी गई लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला।