MP

भाजपा विधायक के काजी कैंप पर मिसाइल वाले बयान से सियासत गरम, रामेश्वर शर्मा की सफाई पर कांग्रेस ने किया पलटवार

भोपाल, 07 सितंबर । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के करोंद में रविवार रात जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिराने’ वाले बयान को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। बयान सामने आने के बाद विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि इस्लामाबाद से था। वहीं कांग्रेस ने विधायक की इस सफाई पर ही सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सरकार का रुख स्पष्ट करने और कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा है।

दरअसल रविवार रात काे राजधानी भाेपाल में करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भाजपा विधायक शर्मा ने कार्यक्रम काे संबाेधित करते हुए हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिंदू एकता केवल मटकी फोड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट रहना चाहिए। भाषण के दौरान पाकिस्तान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। रामेश्वर शर्मा ने अपने संबोधन में हिंदू समाज से जातियों में बंटने के बजाय एकजुट रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि लोगों को जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की पहचान को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने देश के प्रति समर्पण और मातृभूमि के प्रति निष्ठा की बात भी कही।

इसी क्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ में कहा कि जब हिंदुस्तान के लोग कहते थे कि हम सुई बनाना भी नहीं जानते, तब मोदी जी ने कहा कि हम मिसाइल बनाएंगे। आगे बढ़ते हुए उन्होंने विवादित बयान दे डाला, कहा कि “करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे।” इसके तुरंत बाद शर्मा ने सफाई दी कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि इस्लामाबाद वाले काजी कैंप से था। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।

कांग्रेस ने पूछा- इस्लामाबाद में काजी कैंप कहां है?

कांग्रेस के मीडिया समन्वयक अब्बास हाफिज ने विधायक की सफाई पर सवाल उठाया है। उन्हाेंने इंटरनेट सर्च का हवाला देते हुए कहा कि हमने पूरे गूगल और इंटरनेट पर तलाश कर लिया, लेकिन इस्लामाबाद में ‘काजी कैंप’ नाम का कोई इलाका या मोहल्ला मौजूद ही नहीं है। कांग्रेस नेता अब्बास हाफिजने पूछा कि यदि विधायक का आशय इस्लामाबाद से था तो वहां काजी कैंप आखिर कहां है? हाफिज ने कहा कि भोपाल के एक इलाके को लेकर सार्वजनिक मंच से मिसाइल गिराने जैसी बात कहना गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि सरकार इस बयान को किस रूप में देखती है और विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाएगी या नहीं।

सरकार के रुख पर कांग्रेस ने साधा निशाना

कांग्रेस ने इस पूरे मामले को कानून-व्यवस्था और राजनीतिक जवाबदेही से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री से स्पष्ट रुख की मांग की है। कांग्रेस नेता का कहना है कि सार्वजनिक मंचों से नेताओं के बयानों को लेकर सरकार को समान रूप से अपना पक्ष रखना चाहिए। कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया कि क्या सरकार ऐसे बयानों को स्वीकार्य मानती है। अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे और प्रदेश में निवेश आकर्षित करने की सरकार की कोशिशों का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ओर सरकार निवेशकों को मध्य प्रदेश आने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक मंचों से विवादित बयान सामने आने पर प्रदेश की छवि को लेकर क्या संदेश जाता है।